अल्प वर्षा से संभावित पेयजल समस्या के निदान के लिए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने तैयार करवाई ग्राम एवं बसाहटवार कार्ययोजना
पेयजल समस्या के निदान के लिए कार्ययोजना
जिले की 653 बसाहटों में संभावित पेयजल समस्या का आकलन, राइजर पाइप बढ़ाने से लेकर नए नलकूप खनन तक के कार्य शामिल
रतलाम 19 नवंबर 2026/ रतलाम जिले में औसत से 35.62 प्रतिशत कम वर्षा होने के मद्देनजर आगामी दिनों एवं ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित पेयजल समस्या के निदान के लिए कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने विशेष तैयारी की है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जिले की ग्राम एवं बसाहटवार कार्ययोजना तैयार करवाई है, ताकि पेयजल संकट की स्थिति बनने पर समय रहते प्रभावी समाधान किया जा सके।
जिले की कुल 653 बसाहटों में संभावित पेयजल समस्या का आकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें प्रमुखता से उन स्थापित हैंडपंपों को पुनः चालू करने की व्यवस्था की गई है, जो जलस्तर नीचे जाने के कारण बंद हो सकते हैं। ऐसे हैंडपंपों में राइजर पाइप की लंबाई बढ़ाई जाएगी। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में राइजर पाइप कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं।
कार्ययोजना में पेयजल उपलब्धता बनाए रखने के लिए सिंगल फेस मोटर पंप की स्थापना, हाइड्रो फ्रेक्चरिंग, हैंडपंप खनन तथा बंद नलजल योजनाओं में नवीन नलकूप खनन जैसे कार्य भी शामिल किए गए हैं।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने संभावित पेयजल समस्या को देखते हुए पहले से ही ग्राम एवं बसाहटवार समाधान की तैयारी सुनिश्चित करवाई है, ताकि ग्रीष्म ऋतु में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित नहीं हो और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्य किए जा सकें।
