ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था
रतलाम 25 मार्च/कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के निदान हेतु कार्य योजना बनाने के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना, सभी एसडीएम ,सभी सीईओ जनपद, सभी सी एम ओ नगरीय निकाय , ईई पीएचई श्री एस.आर. जान्गले सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संभावित पेयजल संकट के लिए चिन्हित बसाहटों में ग्रीष्मकाल के दौरान सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाये।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन गांवों में पेयजल परिवहन की आवश्यकता हो सकती है, वहां के लिए पूर्व से ही टैंकर एवं जल स्रोत चिन्हित कर लिए जाएं। साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
कलेक्टर ने सभी हैंडपंपों की जांच कर उनकी तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिन हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है, उन पर लाल रंग से चिन्हित कर ग्रामीणों को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाये कि हैण्डपम्प का पानी पीने योग्य नहीं है। ताकि उनका उपयोग पेयजल के रूप में न किया जाए।
ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था जिले की चिन्हित बसाहटों की ब्लॉकवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने, तथा पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु ब्लॉक एवं नगरीय निकाय स्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
